झालरापाटन बस स्टैंड पर बुजुर्ग का शव मिला,पुलिस परिजनों की तलाश में जुटी, जेब में मिला एक वोटर आईडी
झालरापाटन बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद झालरापाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बुजुर्ग के शव को झालावाड़ के एसआरजी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस मृतक के परिवार की तलाश कर रही है। परिवार के झालावाड़ एसआरजी हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
झालरापाटन थाने के एसआई दुर्गा शंकर गौतम ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड की एक बेंच पर एक बुजुर्ग बेहोशी की हालत में लेटा है। पुलिस उसे तुरंत 108 एंबुलेंस से एसआरजी हॉस्पिटल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।
दुर्गा शंकर गौतम ने बताया कि बुजुर्ग की जेब से एक वोटर आईडी मिला है। इस पर भगवान लाल पुत्र लक्ष्मण लाल, उम्र 58 साल, निवासी बंजारी तहसील शामगढ़, मंदसौर लिखा है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस उनके परिवार को ढूंढ रही है।