आगरा कैंट GRP पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुनीत और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य आरोपी पुनीत बेहद शातिर है। खास बात यह है कि वह NEET परीक्षा पास कर चुका है और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के साथ-साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी करता रहा।
बताया जा रहा है कि पुनीत को लग्जरी लाइफस्टाइल जीने का शौक था। इसी शौक को पूरा करने के लिए उसने चोरी का रास्ता अपनाया। पुलिस के अनुसार, पुनीत चोरी की रकम से अपनी गर्लफ्रेंड की जरूरतें भी पूरी करता था। गर्लफ्रेंड को कैंसर होने के बाद उसके इलाज में करीब 80 लाख रुपये खर्च करने की बात भी सामने आई है।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि पुनीत का भाई एयरफोर्स में है, बहन डॉक्टर है और पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं। आरोपी पहले लखनऊ में हुक्का पार्लर चलाता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद पार्लर बंद हो गया। इसके बाद वह चोरी की वारदातों में शामिल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, पुनीत के खिलाफ पहले से 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह जिस जिले में गिरफ्तार होता था, वहां दोबारा चोरी नहीं करता था, ताकि पुलिस को उसकी गतिविधियों पर शक न हो।
फिलहाल आगरा कैंट GRP पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस बरामद सामान और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।