स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न्स का पेन-डाउन प्रदर्शन
₹17 हजार से बढ़ाकर ₹30 हजार मासिक करने की मांग, चारों राजकीय मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स आंदोलन में शामिल
श्रीनगर गढ़वाल, 7 सितंबर। उत्तराखंड के चारों राजकीय मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस इंटर्न्स ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से शांतिपूर्ण पेन-डाउन प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इंटर्न्स वर्तमान में मिल रहे 17 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर न्यूनतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग कर रहे हैं।
इंटर्न्स का कहना है कि स्टाइपेंड वृद्धि को लेकर उनके द्वारा पूर्व में शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष औपचारिक रूप से अपनी मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में प्रदेश के चारों राजकीय मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस इंटर्न्स ने शांतिपूर्ण तरीके से पेन-डाउन प्रदर्शन शुरू किया है।
इंटर्न्स ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि मरीजों के हित और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को प्रभावित न करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही सरकार से मांग की गई है कि इंटर्न्स की आर्थिक एवं कार्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्टाइपेंड वृद्धि पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
इंटर्न्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी आंदोलन भी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।