सारण जिले की सभी 318 पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस
‘सामाजिक रूप से सुरक्षित एवं न्याय संगत पंचायत’ थीम पर आयोजित हुई विषयगत जन चर्चा
छपरा, 30 अगस्त 2026।
पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा ग्राम पंचायतों में स्थानीय स्तर पर विकास एवं सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में आज 30 अगस्त 2026 को सारण जिले की सभी 318 ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया।
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) एवं स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (Local Sustainable Development Goals – LSDGs) के आधार पर विषयगत जन चर्चा आयोजित की गई। इस माह पंचायत विकास दिवस की थीम ‘सामाजिक रूप से सुरक्षित एवं न्याय संगत पंचायत’ निर्धारित की गई थी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। निर्धारित थीम के अनुरूप सामाजिक सुरक्षा, सामाजिक न्याय, कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकार, पात्र लाभुकों तक कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच तथा पंचायत स्तर पर समावेशी एवं न्यायसंगत विकास सुनिश्चित करने से जुड़े विषयों पर जन चर्चा की गई।
जन चर्चा के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सेवाओं में सुधार तथा पंचायत को अधिक समावेशी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने से संबंधित सुझाव भी प्राप्त किए गए।
पंचायत विकास दिवस के माध्यम से पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं की पहचान कर विकास योजनाओं को अधिक सहभागी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर बल दिया गया। पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स एवं स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों के आधार पर पंचायतों की प्रगति का आकलन करते हुए विभिन्न विकासात्मक एवं सामाजिक मुद्दों पर नियमित जन सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण रहा।
जिला प्रशासन, सारण द्वारा पंचायत विकास दिवस के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी, सामाजिक समावेशन, सामाजिक सुरक्षा एवं स्थानीय स्तर पर सतत विकास को निरंतर बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Saharsa, Bihar | Aug 30, 2026