सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 37 अभियुक्त गिरफ्तार, 442 लीटर से अधिक शराब बरामद
छपरा। सारण पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए 25 अगस्त 2026 को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर चलाए गए अभियान में कुल 37 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में 11 शराब कारोबारी, 10 शराब सेवन करने वाले, 7 वारंटी, 4 गृहभेदन, 3 चोरी तथा 2 हत्या के प्रयास के मामलों में शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान जिले में कुल 442.44 लीटर शराब बरामद की गई। इसमें 175 लीटर देशी शराब और 267.44 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने एक पिकअप, एक टेम्पो, एक अपहृत वाहन और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।
अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने देशी शराब की भट्टियों को ध्वस्त करने सहित अन्य कार्रवाई भी की।
वहीं, अपराध नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने 13 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 32 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
सारण पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Rahui, Nalanda | Aug 27, 2026