आस्था की राह पर बढ़ते कदम, छठ की खुशियों में शामिल पूरा परिवार...
लोक आस्था के महापर्व छठ की अद्भुत तस्वीर कटिहार की सड़कों और घाटों पर देखने को मिली। एक ओर पिता अपने बच्चों को ठेले पर बिठाकर छठ घाट की ओर जाते नजर आए, तो दूसरी ओर श्रद्धालुओं का हुजूम सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर अपने-अपने घाटों की ओर बढ़ता दिखा। बच्चों के चेहरे पर उत्साह, परिवार के साथ पर्व मनाने की खुशी और व्रतियों के मन में छठी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा साफ झलक रही थी। भीड़, उमंग और आस्था के इस संगम ने छठ महापर्व की खूबसूरती को और भी खास बना दिया। हर कदम घाट की ओर बढ़ रहा था और हर मन में एक ही विश्वास था—छठी मैया सबकी मनोकामनाएं पूरी करें।