जहाजपुर में विकास की नई सौगातः
कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने 7.61 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण,
खेल स्टेडियम और सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय छात्रावास क्षेत्रवासियों को समर्पित’
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 5 अगस्त जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, राजस्थान सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी’ के करकमलों द्वारा बुधवार को जहाजपुर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। खराड़ी के जहाजपुर आगमन पर भाजपा जनप्रतिनिधिगण एवं जहाजपुर-कोटड़ी विधायक ’ गोपीचंद मीणा’ के सानिध्य में जगह-जगह भव्य स्वागत-सत्कार किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम भगतों की झोपड़ियाँ रोड, बस स्टैंड स्थित ’3 करोड़ रुपये’ की लागत से क्डथ्ज् फंड के माध्यम से निर्मित ’खेल स्टेडियम’ का उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात जालमपुरा चैराहा स्थित ’4.61 करोड़ रुपये’ की लागत से निर्मित ’नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका आवासीय छात्रावास (मॉडल स्कूल)’ का लोकार्पण किया गया। इस प्रकार कुल ’7.61 करोड़ रुपये’ के विकास कार्य क्षेत्रवासियों को समर्पित किए गए।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियम और बालिका छात्रावास जैसी सुविधाएं जहाजपुर के युवाओं और बेटियों के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होंगी। सरकार की प्राथमिकता है कि हर गांव और ढाणी तक विकास की रोशनी पहुंचे और क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और रोजगार के बेहतर अवसर मिलें।
इस अवसर पर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि राज्य सरकार जनजाति क्षेत्र के समग्र विकास के लिए संकल्पबद्ध है। खेल स्टेडियम से क्षेत्र के युवाओं को खेल की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बालिका आवासीय छात्रावास से क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में किशोर कुमार शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।