पिंजौर मैंगो फेस्टिवल में पंचकूला पुलिस के निजी वाहनों से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को पहुंचाया गया यादवेंद्र गार्डन
पंचकूला/ 12 जुलाई:- पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशन में पंचकूला पुलिस द्वारा आयोजित होने वाले प्रत्येक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में पिंजौर स्थित यादवेंद्र गार्डन में आयोजित 33वें मैंगो फेस्टिवल के तीसरे एवं अंतिम दिन भारी संख्या में पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एवं जनसेवा प्रबंध किए।
मैंगो फेस्टिवल के अंतिम दिन वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने स्वयं ट्रैफिक प्रबंधन की निगरानी करते हुए ट्रैफिक टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने पूरे क्षेत्र में यातायात को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया, जिससे आने-जाने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रही।
इस दौरान सूरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक की मौजूदगी में पुलिस ने जनसेवा का सराहनीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया। मुख्य सड़क से यादवेंद्र गार्डन तक पैदल जाने में असुविधा महसूस कर रहे बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को पुलिस के निजी वाहनों के माध्यम से सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से मैंगो फेस्टिवल स्थल तक पहुंचाया गया। पुलिस के इस मानवीय और संवेदनशील प्रयास की आमजन ने खुले दिल से सराहना की तथा पंचकूला पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान व्यक्त किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुगम और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना भी है। भविष्य में भी बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन और जनसुविधाओं को इसी प्रकार प्राथमिकता दी जाती रहेगी, ताकि नागरिक बिना किसी असुविधा के कार्यक्रमों का आनंद उठा सकें।