कोटा ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अयाना मंदिर चोरी का खुलासा, चांदी के मुकुट और धनुष-बाण चुराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
मंदिर का ताला तोड़कर भगवान के आभूषण ले उड़े थे चोर, पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
कोटा। कोटा ग्रामीण जिले के अयाना थाना क्षेत्र में मंदिर में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सीताराम जी मंदिर का ताला तोड़कर भगवान की मूर्तियों पर चढ़े चांदी के दो मुकुट और श्रीराम जी का चांदी का धनुष-बाण चोरी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को अयाना में तालाब की पाल पर स्थित धाकड़ समाज के सीताराम जी मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली। अंदर जांच करने पर भगवान सीताराम जी के दो चांदी के मुकुट और श्रीराम जी का धनुष-बाण गायब मिले। चोरी गए तीनों सामान का कुल वजन करीब 200 ग्राम बताया गया है।
मामले में शिकायत मिलने के बाद अयाना थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन और संबंधित अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र तथा तकनीकी अनुसंधान की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Ladpura, Kota | Oct 16, 2026