हरिरा में शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी, 11 घर जलकर राख; 30 लाख की संपत्ति का नुकसान
कुर्साकांटा। हरिरा पंचायत के वार्ड संख्या-2 में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने 11 परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए। देखते ही देखते आग ने 11 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घरों में रखा धान, करीब 100 क्विंटल पटवा, अनाज, कपड़े, बर्तन, साइकिल, मवेशी और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों ने पास के पोखर से पानी निकालने के लिए चार होंडा मोटर चलाकर घंटों मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अगलगी में सत्यदेव मंडल, वीरेंद्र मंडल, रमन मंडल, झूमरलाल मंडल, विकेश चौधरी, मनोज चौधरी, जितेंद्र चौधरी, सुरेंद्र चौधरी और जीतमन चौधरी समेत कुल 11 परिवार प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि सत्यदेव मंडल को सबसे अधिक नुकसान हुआ। उनकी दो गाय, दो बछड़े, करीब 10 क्विंटल पटवा, दो कुदाल, दो साइकिल, मकान और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, अगलगी में करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुर्साकांटा अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की। जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और प्रशासन से उचित मुआवजा एवं राहत की मांग की।
#ArariaNews #Kursakanta #Harira #FireNews #BiharNews #Araria #Aaglagi #ShortCircuit #KursakantaNews #BiharNewsToday #PiExpressNews
Araria, Araria | Sep 26, 2026