भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत देवप्रयाग के मेधावी छात्रों ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
देवप्रयाग। भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत देवप्रयाग क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य और भारत भ्रमण के अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
विधायक विनोद कंडारी की पहल पर आयोजित भारत दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को देश के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में छात्रों ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि भारत दर्शन यात्रा उनके लिए यादगार अनुभव है। इस यात्रा के माध्यम से उन्हें देश की विविध संस्कृति, इतिहास और विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। मुलाकात के बाद विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस अवसर को अपने जीवन की महत्वपूर्ण स्मृति बताया।