स्टाइपेंड की मांग को लेकर सड़क पर उतरे पैरामेडिकल छात्र, चार दिन के धरने के बाद निकाली रैली
श्रीकोट। स्टाइपेंड की मांग को लेकर श्रीकोट में पैरामेडिकल छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। चार दिनों तक शांतिपूर्ण धरने पर बैठने के बाद भी मांग पर कोई ठोस समाधान नहीं होने से शनिवार को छात्रों ने सड़क पर उतरकर रैली निकाली और अपना विरोध दर्ज कराया।
रैली के दौरान छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर नारेबाजी की और शासन-प्रशासन से उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना है कि वे पिछले चार दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
छात्रों ने कहा कि स्टाइपेंड उनका अधिकार है और जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। रैली के दौरान छात्रों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।