डीडवाना में SHE BOX पोर्टल और POSH Act पर कार्यशाला आयोजित, कर्मचारियों ने ली सुरक्षा और सम्मान की शपथ
डीडवाना।महिला अधिकारिता विभाग कार्यालय में गुरुवार को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और कार्यस्थल पर गरिमापूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष शपथ ग्रहण और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विभाग के सहायक निदेशक जयप्रकाश के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर महिलाओं को समानता, सुरक्षा और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यशाला में उपस्थित कर्मचारियों को 'कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष अधिनियम-2013 POSH Act के कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही संस्थान स्तर पर गठित होने वाली 'आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका, उसके अधिकारों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया, ताकि किसी भी शिकायत का त्वरित और निष्पक्ष निवारण किया जा सके।इस अवसर पर डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर जोर देते हुए शी-बॉक्स पोर्टल के बारे में तकनीकी जानकारी दी गई। कर्मचारियों को बताया गया कि यदि कोई महिला कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के लैंगिक उत्पीड़न का सामना करती है, तो वह इस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत सीधे और सुरक्षित तरीके से दर्ज करा सकती है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता देना किसी एक विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने रेखांकित किया कि जब तक महिलाओं के लिए कार्यस्थल सुरक्षित और सम्मानजनक नहीं होंगे, तब तक परिवार, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों और कार्मिकों ने महिलाओं के अधिकारों के प्रति सदैव सजग रहने और कार्यस्थल पर गरिमापूर्ण माहौल बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।