डीडवाना में कड़ी सुरक्षा के बीच वरिष्ठ अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा संपन्न: सख्ती के आगे देर-लतीफों की एक न चली, प्रशासन ने ली राहत की सांस
6 दिवसीय परीक्षा में सुरक्षा के रहे अभूतपूर्व बंदोबस्त, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
नकल रोकने के लिए 'नो-एंट्री' का कड़ा नियम: ठीक एक घंटे पहले बंद कर दिए गए परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार
देरी से पहुंचे अभ्यर्थियों को मायूस होकर लौटना पड़ा; पूरी परीक्षा के दौरान नहीं सामने आई कोई अप्रिय घटना
डीडवाना।राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 स्थानीय जिला मुख्यालय पर पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कड़े पहरे के बीच संपन्न हो गई है। 12 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चली इस छह दिवसीय महापरीक्षा में प्रशासन और पुलिस का रवैया बेहद सख्त और चाक-चौबंद नजर आया। सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर इस बार अपनाई गई सख्ती के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान या अप्रिय घटना के पूरी हुई, जिससे जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।नकल और पेपर लीक जैसी गड़बड़ियों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने इस बार बेहद कड़े नियम लागू किए थे। जिला मुख्यालय के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के त्रि-स्तरीय बंदोबस्त किए गए थे।सबसे कड़ा नियम प्रवेश समय को लेकर रहा। नियमानुसार, दोनों पारियों में परीक्षा शुरू होने के ठीक 1 घंटे पहले परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इसके बाद मुख्य द्वार पर सघन सुरक्षा जांच और गहन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति मिली। इस कड़े नियम का असर यह हुआ कि तय समय सीमा से मात्र कुछ मिनट की देरी से पहुंचे कई परीक्षार्थियों को सख्त गाइडलाइन के चलते केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया गया। हाथ जोड़ते और मिन्नतें करते इन देर-लतीफ अभ्यर्थियों को मायूस होकर परीक्षा केंद्र से बाहर ही लौटना पड़ा।
*आंकड़ों की जुबानी: 6 दिनों का पूरा लेखा-जोखा*
प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा दो पारियों सुबह 10:00 से 12:00 बजे और दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे में आयोजित की गई। जिसमे पहला दिन 12 जुलाई परीक्षा के लिए 21 केंद्र बनाए गए थे।प्रथम पारी में पंजीकृत 7,704 अभ्यर्थियों में से 4,953 उपस्थित और 2,751 अनुपस्थित रहे।द्वितीय पारी में 4,897 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,807 अनुपस्थित दर्ज किए गए।दूसरा दिन 13 जुलाई केंद्रों की संख्या घटाकर 18 की गई। कुल पंजीकृत अभ्यर्थी 6,589 रहे।प्रथम पारी में 4,515 परीक्षार्थी उपस्थित व 2,074 अनुपस्थित रहे।द्वितीय पारी में 4,495 अभ्यर्थी उपस्थित और 2,094 अनुपस्थित रहे।तीसरा दिन 14 जुलाई केंद्रों में बदलाव किया गया। प्रथम पारी 11 केंद्र 4,241 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,933 उपस्थित व 1,308 अनुपस्थित रहे।द्वितीय पारी 14 केंद्र 4,913 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,421 उपस्थित व 1,492 अनुपस्थित रहे।चौथा दिन परीक्षा केवल एक पारी सुबह 10:00 से दोपहर 12:30 बजे में आयोजित की गई। इसके लिए 02 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां कुल 672 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 451 उपस्थित और 221 अनुपस्थित रहे।पांचवां दिन परीक्षा फिर से दोनों पारियों में लौटी।प्रथम पारी 17 केंद्र 6,180 अभ्यर्थियों में से 4,388 उपस्थित और 1,792 अनुपस्थित रहे।द्वितीय पारी 11 केंद्र 4,033 अभ्यर्थियों में से 2,840 उपस्थित और 1,193 अनुपस्थित रहे।छठा दिन अंतिम दिन प्रथम पारी 5 केंद्र 1,921 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,303 उपस्थित और 618 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।द्वितीय पारी 1 केंद्र परीक्षा के अंतिम दौर में केवल एक ही केंद्र संचालित किया गया, जहां 264 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।डीडवाना जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित उड़नदस्तों (फ्लाइंग स्क्वॉड) ने लगातार परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने डीडवाना की जनता, पुलिस बल, वीक्षकों और स्वयं अभ्यर्थियों के सहयोग की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि इसी मुस्तैदी और कड़ाई के चलते डीडवाना में बिना किसी विवाद के इतनी बड़ी भर्ती परीक्षा का सफल संचालन संभव हो पाया।
Didwana, Nagaur | Jul 17, 2026