स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम: प्रेम सिंह
Kullu Times
सेवानिवृत्त महानिरीक्षक, आईटीबीपी प्रेम सिंह ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। स्काउट्स एवं गाइड्स को अपने जीवन में सीखे गए कौशलों को अपनाते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
वह आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कुल्लू द्वारा आयोजित तृतीय सोपान टेस्टिंग शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। शिविर में जिला कुल्लू के 31 स्कूलों से 201 स्काउट्स एवं गाइड्स ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को शिविर के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्काउटिंग की भावना को अपने दैनिक जीवन में उतारने तथा समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
समापन समारोह में स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा एक्शन सॉन्ग, फोक डांस एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया गया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों की गांठों, लॉग बुक, वर्दी, खोज के चिह्न, ड्रिल, बीपी सिक्स,कैंपस एवं एस्टीमेशन तथा फर्स्ट एड सहित विभिन्न स्काउटिंग दक्षताओं की परीक्षा ली गई। इसके अलावा प्रतिभागियों को सोयल स्थित जमलू ऋषि के पवित्र स्थल तक उद्देश्यपूर्ण हाइकिंग भी करवाई गई।
राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) मनोहर लाल ठाकुर एवं जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री नारायण शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि चार दिवसीय शिविर का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में आवश्यक दक्षताओं, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास करना रहा।
पुष्पा, प्रधानाचार्य एवं आयोजन सचिव, शिविर ने कहा कि पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर में तृतीय सोपान टेस्टिंग शिविर की मेजबानी करना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। चार दिनों के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने पूरे अनुशासन, उत्साह और समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना और टीमवर्क जैसे गुणों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय के स्टाफ तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
शिविर के सफल आयोजन में राज्य संगठन आयुक्त पंकज गुप्ता, जिला एडल्ट रिसोर्स कमिश्नर चंद्रकांता , जिला संगठन आयुक्त (गाइड्स) रीना परमार, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड्स) शांति देवी,ग्रुप लीडर बीजू हिमदल,स्नो लैंड स्काउट्स एवं गाइड्स के रोवर रेंजर्स सहित अन्य पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में ध्वज अवरोहण एवं राष्ट्रगान के साथ चार दिवसीय तृतीय सोपान टेस्टिंग शिविर का औपचारिक समापन किया गया।
Kullu, Kullu | Sep 14, 2026