हल्द्वानी में हड़कंप आयकर कॉलोनी में मिला 18 फीट लंबा विशालकाय अजगर, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू।
गोलापार स्थित आयकर कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय निवासियों ने एक बेहद विशालकाय अजगर को देखा। लगभग 18 फीट लंबे इस भारी-भरकम अजगर की मौजूदगी से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद फॉरेस्ट टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर एक बेहद जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ इस 18 फीट लंबे अजगर पर सफलतापूर्वक काबू पाया और उसे सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू किए गए अजगर को इंसानी आबादी से दूर घने सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।