विश्व पर्यावरण दिवस पर रायगढ़ में हरित विकास का महाअभियान, जल संरक्षण और वृक्षारोपण को मिलेगी नई गति
मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत जिलेभर में होंगे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता और सतत ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महात्मा गांधी नरेगा, ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान तथा वीबी-जीराम जी के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरणीय संतुलन और जल सुरक्षा को मजबूत करना है। ग्राम पंचायतों से लेकर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 791 जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्य स्वीकृत एवं क्रियान्वित किए गए हैं, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 288 नए कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने, भूजल स्तर सुधारने तथा वर्षा जल के अधिकतम संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। अमृत सरोवर, तालाब, जलाशय, स्टॉप डैम एवं अन्य जल संरचनाओं के विकास से जिले में जल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत आधार मिला है। वहीं पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी नरेगा के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्य भी किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में व्यक्तिगत वृक्षारोपण, ब्लॉक प्लांटेशन एवं सड़क किनारे वृक्षारोपण सहित 416 वृक्षारोपण कार्यों में 68 हजार 247 पौधे स्वीकृत किए गए, जिनमें से 46 हजार 23 पौधों का रोपण पूर्ण किया जा चुका है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए दीर्घकालिक आय एवं आजीविका का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
ग्राम सभाओं से स्कूलों तक चलेगा जागरूकता अभियान, ‘एक बच्चा-एक पौधा’ बनेगा आकर्षण का केंद्र
40 views | Raigarh, Chhattisgarh | Jun 5, 2026