*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक 23-09-2026*
*शीर्षक -नारी अदालत के सशक्त कदम से महिलाओं को न्याय और अधिकारों की नई राह दौलतपुर में हुआ विशेष आयोजन*
*
जमुई। आज दिनांक 23-09-2026 को ग्राम पंचायत दौलतपुर स्थित सामुदायिक भवन, दौलतपुर प्रखंड, जमुई में महिला एवं बाल विकास निगम अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) जमुई द्वारा नारी अदालत सह सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दौलतपुर की मुखिया सह नारी अदालत अध्यक्ष रानी देवी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
*कार्यक्रम के दौरान नारी अदालत से संबंधित न्याय सखियों के बीच बैठक आयोजित की गई* , जिसमें नारी अदालत की भूमिका, उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण महिलाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर न्याय सखियों के बीच ड्रेस का वितरण भी किया गया।
उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि नारी अदालत महिलाओं से जुड़े पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों के समाधान में संवाद, आपसी समझ एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सहयोग प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।
सखी वार्ता कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं ग्रामीण समुदाय को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बालिका हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित संबल एवं सामर्थ्य से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर (सखी), शक्ति सदन, सखी निवास एवं कामकाजी महिला आवास सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में बताया गया। महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं संबंधित सेवाओं की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार, मनो-सामाजिक परामर्शदाता शालू सिन्हा एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार सहित नारी अदालत के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को न्याय एवं सहायता की स्थानीय व्यवस्था से जोड़ना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बालिका हितैषी योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।
Jamui, Bihar | Sep 23, 2026