प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
शीर्षक : मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना 2026 का हुआ शुभारंभ। जमुई के सभी 10 प्रखंडों में 17 अक्टूबर तक लगेंगे विशेष सोलर कैम्प।
जमुई : माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कल संपूर्ण बिहार राज्य के लिए 'मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना 2026' का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता (विद्युत प्रमंडल, जमुई) ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहने वाली यह महत्वाकांक्षी योजना आम नागरिकों को स्वच्छ, सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा पारंपरिक बिजली पर उनकी निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार की 'PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के साथ बेहतर सामंजस्य बिठाते हुए राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर सोलर पैनल लगाने का वित्तीय बोझ बेहद कम हो जाएगा।
इस संयुक्त वित्तीय सहायता व्यवस्था के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम की स्थापना पर केंद्र सरकार द्वारा ₹30,000 तथा राज्य सरकार द्वारा ₹10,000 की सहायता के साथ कुल ₹40,000 का अनुदान दिया जा रहा है। इसी प्रकार 2 किलोवाट क्षमता पर केंद्र सरकार द्वारा ₹60,000 और राज्य सरकार द्वारा ₹20,000 को मिलाकर कुल ₹80,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार द्वारा ₹78,000 और राज्य सरकार द्वारा ₹20,000 की सहभागिता से कुल अधिकतम ₹98,000 तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
योजना का मुख्य उद्देश्य आवासीय उपभोक्ताओं के त्वरित पंजीकरण, पारदर्शी वेंडर चयन तथा अनुदान हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाना है। इसके साथ ही प्रशासनिक, तकनीकी, बैंकिंग, दस्तावेजीकरण तथा वेंडर व उपभोक्ता संबंधी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए जिला स्तर पर एक एकीकृत प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध कराया गया है। सोलर सिस्टम की स्थापना से उपभोक्ता अपने हर महीने के बिजली बिल में भारी बचत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
जमुई जिले में सौर ऊर्जा के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जमुई द्वारा अब तक लगभग 162 घरों की छतों पर सोलर पैनल सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त यूएलए (Utility Led Aggregation) मॉडल के अंतर्गत जिले के कुल 8,736 बीपीएल (BPL) परिवारों को इस योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 5,024 घरों में स्ट्रक्चर निर्माण तथा 1,886 घरों में सोलर पैनल लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
योजना का व्यापक लाभ जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने के उद्देश्य से सभी 10 प्रखंडों में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक विशेष जागरूकता सह पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को योजना के लाभों और राज्य व केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदान की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार की सुविधा प्रदान की जा रही है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Energy Department, Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat
65 views | Jamui, Bihar | Sep 23, 2026