उरई पुलिस ने कारोबारी विजेंद्र मोर हत्याकांड का किया खुलासा, 50 हजार का इनामी दंपति गिरफ्तार
उरई कोतवाली पुलिस ने तीन माह पुराने हरियाणा के जींद निवासी कारोबारी विजेंद्र मोर के अपहरण और हत्या के मामले का खुलासा करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी मोहित मलिक और उसकी पत्नी सपना रानी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के जंगल से मृतक के अधजले अवशेष भी बरामद किए गए।
यह वही चर्चित मामला है, जिसकी जांच के दौरान हरियाणा गई उरई पुलिस की टीम सड़क हादसे का शिकार हुई थी। इस दुर्घटना में दो उपनिरीक्षक, दो सिपाही और वादी समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, 4 मई को रिनिया गांव स्थित ट्यूबवेल से विजेंद्र मोर का अपहरण किया गया। इसके बाद क्रेटा कार में ले जाकर उनकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव पर डीजल डालकर जंगल में जला दिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि हत्या के पीछे दो प्रमुख वजहें थीं। पहली, आरोपी मोहित मलिक की पत्नी सपना रानी से मृतक के शादी से पहले संबंध और बाद में दोनों को मिल रही कथित धमकियां। दूसरी, आजाद सरपंच नामक व्यक्ति के साथ करोड़ों रुपये की जमीन को लेकर चल रहा विवाद। पुलिस के मुताबिक, वारदात से करीब 15 दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी भी की थी।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 30, 2026