जनता दरबार में 51 मामलों की हुई सुनवाई, जिलाधिकारी ने शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश
बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 51 मामलों की सुनवाई की गई।
जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की जांच कर समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में किशन लाल यादव, बरदाहा, सिकटी द्वारा वृद्धापेंशन नहीं मिलने की शिकायत की गई। वहीं अरविंद यादव एवं अन्य ने गृह रक्षा वाहिनी के जवानों के विगत चार माह से वेतन भुगतान नहीं होने का मामला उठाया।
रमेश मंडल एवं अन्य ने नगर पंचायत रानीगंज अंतर्गत नाला निर्माण में अनियमितता की शिकायत की। मोहम्मद जब्बार ने अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज-सह-अध्यक्ष, कृषि उत्पाद बाजार समिति फारबिसगंज के आदेश के विरुद्ध प्रतिउत्तर समर्पित करने से संबंधित आवेदन दिया।
इसी प्रकार रविकांत शाह एवं अन्य ने 6-लेन सड़क परियोजना में आवासीय जमीन को कृषि भूमि के रूप में दर्शाए जाने की शिकायत की। राकेश भगत, नगर परिषद अररिया ने खराब निर्माण सामग्री से निर्मित गड्ढेनुमा सड़क पर जलजमाव की समस्या से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया।
इसके अलावा नंदलाल सिंह, बीवी हदीसा खातून, रमेश ठाकुर, बसंत लाल यादव, राजेश सिंह एवं सुशीला देवी सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन अररिया