वर्षों से कच्ची सड़क, बारिश में कीचड़ से ग्रामीण परेशान
मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहन निकालना मुश्किल, सात माह पहले दिए आवेदन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
नवाबगंज। ग्राम सभा नाना टीकुर के सम्भर खेड़ा में वर्षों से कच्ची पड़ी सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है, वहीं ग्रामीणों को पैदल आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक बृजेश रावत को पहले भी अवगत कराया जा चुका है। वहीं ब्लॉक नवाबगंज के ब्लॉक प्रमुख रवि प्रताप सिंह को भी करीब सात माह पहले लिखित आवेदन दिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय उन्हें बताया गया था कि मामले को सीडीओ के संज्ञान में लाया जाएगा तथा सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी दिया जा चुका है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य कराने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ है।
कच्ची सड़क की समस्या को लेकर विधायक बृजेश रावत और ब्लॉक प्रमुख रवि प्रताप सिंह से फोन पर भी बातचीत की गई है। बातचीत के दौरान ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि मिले आश्वासन के बाद धरातल पर कब तक कार्रवाई होती है और ग्रामीणों को इस बदहाल सड़क से कब राहत मिलती है।
यह मार्ग ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी सड़क के बीच में आटा और सरसों का तेल निकालने का कारखाना भी स्थित है। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन इस मार्ग से कारखाने में आटा पिसवाने और सरसों का तेल निकलवाने के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क की खराब हालत का असर आम लोगों के दैनिक आवागमन पर भी पड़ रहा है।
बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ इतना अधिक हो जाता है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द पक्की सड़क अथवा सीसी रोड का निर्माण कराने की मांग की है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि फोन पर मिले आश्वासन के बाद सड़क निर्माण को लेकर वास्तविक कार्रवाई कब शुरू होती है।
Unnao, Unnao | Sep 9, 2026