अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पहचान स्पेशल स्कूल और राजकीय उच्च विद्यालय सासन ने दिया समावेशी शिक्षा का संदेश
समावेशी शिक्षा के अंतर्गत पहचान स्पेशल स्कूल ने राजकीय उच्च विद्यालय सासन के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "Yoga for Healthy Ageing" रही। कार्यक्रम में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों तथा विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
योग प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। साथ ही नियमित योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पहचान स्पेशल स्कूल की संस्थापक चेतना शर्मा ने कहा कि योग सभी के लिए समान रूप से लाभकारी है। उन्होंने बताया कि समावेशी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती हैं, जिससे उनके सर्वांगीण विकास में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर चेतना शर्मा ने राजकीय उच्च विद्यालय सासन की प्रधानाचार्या शैली शर्मा तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में समावेशन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।