टीचर से चेन लूटने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तारः हरदोई में पैरों में गोली लगी, लूटी गई चेन और हथियार बरामद
हरदोईशहर पुलिस ने शिक्षिका से सोने की चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। साण्डी बाईपास पुल के पास हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, नगदी, दो तमंचे, कारतूस, एक अपाचे बाइक और चोरी की स्कूटी बरामद की है। आरोपियों पर कई जिलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटना 3 मई को शहर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास
कॉलोनी में हुई थी। शिक्षिका अवंती त्रिवेदी अपने बेटे को सेंट जेवियर स्कूल के पास छोड़ने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें पुलिस चेकिंग का झांसा दिया और जेवर सुरक्षित रखने के नाम पर उनकी सोने की चेन लेकर फरार हो गए।पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश साण्डी बाईपास पुल के पास किसी बड़ी वारदात की तैयारी में खड़े हैं। एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर कोतवाली शहर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार गौतम उर्फ खास और अंकित वर्मा उर्फ अंकित लोथ के रूप में हुई है। पवन मूल रूप से आजमगढ़ का निवासी है और वर्तमान में कानपुर नगर में रह रहा था, जबकि अंकित उन्नाव जिले का रहने वाला है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हरदोई में लूटी गई सोने की चेन, गोंडा से लूटी गई एक अन्य चेन, आजमगढ़ में लूटी गई चेन को बेचने के बाद बची नकदी, दो तमंचे, कारतूस, एक अपाचे बाइक और चोरी की स्कूटी बरामद की है।पुलिस के अनुसार पवन कुमार गौतम उर्फ खास के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में 28 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
Hardoi, Hardoi | Jun 5, 2026