देवास। क्या इंदौर-देवास रूट पर दौड़ रही निजी बसें अब यात्रियों की सुरक्षा से ज्यादा रफ्तार को प्राथमिकता दे रही हैं? शुक्रवार को उज्जैन रोड स्थित पंप चौराहे पर हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर निजी बसों के संचालन और यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे में 50 वर्षीय निगार खान की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके साथ मौजूद एक 7 वर्षीय बच्ची भी घायल हुई है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार निगार खान और बच्ची इंदौर से देवास बस से आए थे। पंप चौराहे पर बस से उतरते समय दोनों अचानक बस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान निगार खान ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल बच्ची का इलाज जारी है। हादसे में शामिल बस मधुबाला ट्रेवल्स की बताई जा रही है, जिसका पंजीयन क्रमांक MP-15-FY-7487 है।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि महिला को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं घायल बच्ची का उपचार जारी है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर इंदौर-देवास रूट पर चलने वाली निजी बसों की रफ्तार, यातायात नियमों के पालन और यात्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा निजी बसों की बेलगाम रफ्तार पर तत्काल लगाम लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewas