जमुई: DM के जनता दरबार में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों के कई मामलों का ऑन द स्पॉट किया गया निष्पादन
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'सात निश्चय-3' के अंतर्गत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के क्रियान्वयन और जन-शिकायतों के त्वरित निवारण के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यालय कक्ष में 'जनता दरबार' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता से सुना तथा उनके समाधान के लिए त्वरित पहल कर आवश्यक निर्देश दिए। उक्त जानकारी सोमवार की शाम 4:30 बजे प्रेस रिलीज व तस्वीर जारी कर दी गई है।
वहीं आयोजित इस जनता दरबार में विभिन्न लोक-कल्याणकारी, राजस्व, विकासात्मक एवं प्रशासनिक विभागों से संबंधित 36 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश पर जिला पदाधिकारी ने मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए ऑन-स्पॉट कार्रवाई की और कड़े प्रशासनिक आदेश जारी किए। इसी क्रम में गिद्धौर प्रखंड के बंझोलिया ग्राम से आई पूजा देवी के आपदा राहत से जुड़े आवेदन पर जिला पदाधिकारी ने त्वरित निर्णय लेते हुए मौके पर ही प्रभारी पदाधिकारी, आपदा शाखा को सभी विहित प्रक्रियाएं तुरंत पूर्ण करने का निर्देश दिया और आवेदिका को चार लाख रुपये का आपदा राहत चेक सौंपकर तात्कालिक सहायता प्रदान की। इसी प्रकार झाझा प्रखंड की चांय पंचायत से आए अनुकंपा नियोजन के एक संवेदनशील मामले में सामान्य शाखा के प्रभारी को तुरंत संचिका आगे बढ़ाने और नियमों के आलोक में अविलंब कार्रवाई करने का आदेश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया।
इसी प्रकार अलीगंज प्रखंड के ग्राम+ पोस्ट आढ़ा से आई पाकिस्तानी मूल की महिला नरगिस बानो, जो पिछले 28 वर्षों से वीजा पर जमुई में निवास कर रही हैं, द्वारा भारतीय नागरिकता प्राप्त करने हेतु विहित दस्तावेजों को उच्च स्तर पर अग्रसारित करने के अनुरोध पर जिला पदाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए सामान्य शाखा को तुरंत संचिका उपस्थापित करने का त्वरित आदेश दिया। इसके अतिरिक्त, लक्ष्मीपुर प्रखंड के नवाडीह, खिलार से आए 21 भूमि पर्चा धारकों की इस शिकायत पर कि उनकी विहित भूमि पर वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण किया जा रहा है, जिला पदाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी को जांच पूरी होने तक वृक्षारोपण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया और साथ ही लक्ष्मीपुर के अंचल अधिकारी को भूमि के किस्म का वास्तविक जांच कर अविलंब रिपोर्ट भेजने हेतु आदेशित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन ने कहा की लोक-शिकायतों का निवारण केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारा नैतिक और आधिकारिक कर्तव्य है। जनता दरबार में आने वाले हर पीड़ित की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली शिथिलता, अनावश्यक विलंब, उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। #dmjamui #jamuitopnews #zilaprashasan Part 2
Jamui, Jamui | Jul 14, 2026