जनसुनवाई में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दिखाई संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को पहुंचाई सहायता
शिवपुरी- कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा आज आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से पहुंचे आवेदको को एक-एक कर अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सुना गया।आमजनों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में अपनी पारिवारिक व शारीरिक विषमताओं के कारण सहायता की गुहार लेकर पहुंचे आवेदकों की व्यथा सुनकर कलेक्टर श्री वर्मा ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई, साथ ही शेष आवेदनों को मौके पर संबंधित अधिकारियों को सौंपकर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम करई डाँडा की निवासी प्रेम बाई अपने पति की आकस्मिक मृत्यु के पश्चात कमजोर आर्थिक स्थिति और जीवनयापन के संकट से जूझ रही थीं। उन्होंने जनसुनवाई में अपनी स्थिति से अवगत कराया तब कलेक्टर श्री वर्मा ने उनकी व्यथा पर तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही ₹20,000 की तात्कालिक सहायता राशि रेड क्रॉस मद से स्वीकृत कर दी।
वहीं, ग्राम जरगवां अब्बल (तहसील करैरा) निवासी हरिमोहन वंशकार की पत्नी के आकस्मिक निधन के उपरांत उन पर तीन मासूम बेटियों के लालन-पालन एवं भरण-पोषण की दोहरी जिम्मेदारी आ गई थी। विपरीत परिस्थितियों और जीवनयापन के संकट से जूझ रहे आवेदक की इस गंभीर व्यथा को संज्ञान में लेते हुए, कलेक्टर श्री वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल रेड क्रॉस फंड से ₹75,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इसी प्रकार, ग्राम भौंती (पिछोर) निवासी वीरसिंह लोधी पैरालिसिस (लकवा) जैसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं और अत्यंत दयनीय आर्थिक स्थिति के कारण अपना इलाज कराने में असमर्थ थे। उनकी पीड़ा को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने रेड क्रॉस मद से ₹20,000 की तात्कालिक सहायता राशि स्वीकृत की।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकार) श्री विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर, शिवपुरी एसडीएम सहित जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।