भिवानी के पीपली वाली जोहड़ी रेलवे लाइन पार 500 परिवार नारकीय जीवन जीने को मजबूर, प्रशासन मौन
पेयजल, सीवरेज, पक्की गली नहीं, जलभराव से बुरा हाल, वेटरन संगठन भिवानी ने उठाई समाधान की मांग
वोट के समय हाथ जोड़ते हैं नेता, जीत के बाद नहीं लेते सुध, विधायक और चेयरपर्सन से गुहार हुई बेअसर : सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला
गरीब तबका देश का आधार, फिर भी अनदेखी दुखद, महंगे टैंकर से पानी खरीदने को है मजबूर : सूबेदार बिरेंद्र ग्रेवाल
भिवानी, 22 सितंबर : भिवानी के पीपली वाली जोहड़ी रेलवे लाइन पार इलाके में रह रहे लगभग 500 परिवारों का जीवन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बेहद नारकीय बना हुआ है। क्षेत्र में न तो पीने के पानी की उचित व्यवस्था है, न ही सीवरेज लाइन और गालियां भी अब तक कच्ची हैं। गंदे पानी की निकासी न होने से गलियों में जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए वेटरन संगठन भिवानी आगे आया है। संगठन के प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर प्रशासन के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया।
इस मौके पर सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पीपली वाली जोहड़ी रेलवे लाइन पार लगभग 500 घर स्थित हैं, जहां सभी नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। इसके बावजूद यह क्षेत्र पेयजल, सीवरेज और पक्की गलियों जैसी प्राथमिक सुविधाओं से वंचित है। पास की हनुमान कॉलोनी और हनुमान गेट अपूू्रवड हैं और वहां सभी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन इस क्षेत्र के साथ उपेक्षा की जा रही है। गरीब तबका ही देश और सरकार का आधार होता है, फिर भी इनकी अनदेखी करना अत्यंत दुखद है।
उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि चुनावों के दौरान जनप्रतिनिधि हाथ जोडक़र वोट मांगने आते हैं और विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, परंतु चुनाव जीतने के बाद कोई सुध नहीं लेता। विधायक घनश्याम सर्राफ और नगर परिषद चेयरपर्सन से दर्जनों बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने कहा कि यहां पर नालियों और गंदे पानी की समुचित निकासी न होने के कारण बारिश और आम दिनों में भी गलियों में पानी भरा रहता है। पेयजल आपूर्ति न होने के कारण लोगों को महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ते हैं, जो गरीब परिवारों के लिए अत्यंत कठिन है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार और संबंधित विभाग से हाथ जोडक़र अपील है कि जल्द से जल्द यहां पानी, सीवरेज और पक्की गलियों की सुविधा मुहैया कराई जाए। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वेटरन संगठन भिवानी क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं करेगा।