केंद्र-राज्य सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती प्रदर्शनी का भव्य आगाज
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष चतुर्वेदी ने किया उद्घाटन, विकास और जनकल्याण की योजनाओं से रूबरू होंगे नागरिक
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। नगर निगम स्थित महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर शहर विधायक अशोक कोठारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
12 वर्षों के विकास का दस्तावेज बनी प्रदर्शनी
"12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी 14 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों और जनहितकारी निर्णयों को आकर्षक चित्रों एवं सूचनात्मक पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
उद्घाटन के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले वर्षों में सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी आमजन को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभान्वित करने का प्रभावी माध्यम साबित होती हैं।
योजनाओं की जानकारी एक ही छत के नीचे
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत विकास और रोजगार सृजन से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी, जनसंपर्क अधिकारी रवींद्र वैष्णव, अविनाश जीनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी को लेकर आमजन में भी उत्साह दिखाई दिया।