दिल्ली के होटल में आराम फरमाता मिला बानमोर से अगवा हुआ युवक। ऑनलाइन गेम में हार गया था ढाई लाख रुपये, इसलिए घरवालों को गुमराह करने रची खुद के अपहरण की कहानी👇
18 जुलाई को दोपहर खबर आई कि पवाया रोड बानमोर निवासी सोनू कुशवाह बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसकी मारपीट की और कार में डालकर ले गए। पुलिस ने प्रथमदृष्टया ही इस घटना को।संदेहास्पद माना, फिर भी मामला अपहरण का था, इसलिए सूचना मिलते ही पुलिस की चार टीम सक्रिय हो गईं।
इसी दौरान मुखबिर की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस दिल्ली के निजामुद्दीन पहुंची और वहां रेलवे स्टेशन सहित ऑटो स्टैंड, बस स्टैंड परिसर में सोनू को तलाशा। इसके अलावा आसपास के लगभग डेढ़ सौ होटल व लॉज भी खंगाले गए। इस दौरान वह होटल चौहान रेजीडेंसी के रूम नंबर 11 में बेड पर आराम करता मिला। उस वक्त सोनू मोबाइल फोन चला रहा था। होटल के मैनेजर ने बताया गया कि सोनू कुशवाह 18 जुलाई को अकेले ही होटल में आया था और तभी से होटल में रूका हुआ था।
सोनू कुशवाह ने पूछताछ में बताया कि मैं ऑनलाईन गैमिंग खेलने का आदी हूं। ऑनलाईन गैमिंग में करीब 2,50,000/- रुपये हार गया था। घर की रूपये पैसों की जिम्मेदारी तथा मालिकी मेरे पास ही रहती थी। मैं घर वालो को मुँह दिखाने के काबिल नहीं बचा था, इसलिये शर्म के कारण घरवालों के डर से घर से भाग आया तथा घरवालों को गुमराह करने के लिये स्वयं के अपहरण की मनगढ़ंत कहानी बनाई, जिससे अपने हारे हुए पैसों को मैं अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण कर जबरन पैसे छीन लेने की कहानी में बदलकर उन्हे यकीन दिला सकूं।
एएसपी सुरेंद्र सिंह डाबर ने बताया कि सोनू को लेकर पुलिस टीम मुरैना रवाना हो चुकी है।