जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा मंगलवार को रेफरल अस्पताल, बौंसी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करना और आमजन को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना था। इस दौरान पाई गई विभिन्न प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत कमियों पर जिला पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को कई सख्त निर्देश जारी किए।
लापरवाही पर सख्त रुख व स्पष्टीकरण:
दंत चिकित्सा विभाग के निरीक्षण के दौरान दंत चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। जिला पदाधिकारी ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए अनुपस्थित चिकित्सक से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार व कतार प्रबंधन:
ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार देखकर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया और प्रबंधन को मरीजों के लिए सुगम एवं समयबद्ध उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व सौम्य व्यवहार रखने की हिदायत दी।
स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने का आदेश:
अस्पताल के प्रथम तल पर अव्यवस्थित ढंग से रखे सामान को देखकर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई रखने तथा संपूर्ण व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया, ताकि आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में मरीजों के परिजनों से भी फीडबैक लिया ।
नवनिर्मित सीएचसी 15 दिनों में चालू करने का निर्देश:
बौंसी स्थित नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को लेकर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी 15 दिनों के भीतर नए भवन में संचालन शुरू कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने और आमजन को समय पर उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
Bihar Health Department
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
3 views | Banka, Bihar | Sep 29, 2026