गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया दीपावली पर्व
रंगोली, दीया सजावट, ग्रीटिंग कार्ड और चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक: मैडम लखविंद्र कौर बराड़
फाजिल्का,10 नवंबर(सोनू वर्मा): गॉडविन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल घल्लू में दीपावली का पावन पर्व बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस बारे जानकारी देते हुए प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना तथा उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए दीया सजावट प्रतियोगिता, ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता, रंगोली निर्माण प्रतियोगिता, दीपावली चार्ट निर्माण प्रतियोगिता, कक्षा सजावट प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता तथा बेकार वस्तुओं से उपयोगी एवं सजावटी सामान बनाने की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दीया सजावट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मिट्टी के दीयों को विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों से सजाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने सुंदर संदेशों और रचनात्मक चित्रों के माध्यम से दीपावली की शुभकामनाएं प्रस्तुत कीं। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रंगों और आकर्षक आकृतियों से सुंदर रंगोलियां बनाकर सभी का मन मोह लिया।
इसी प्रकार दीपावली चार्ट निर्माण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दीपावली के महत्व, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सुंदर चित्र तैयार किए। कक्षा सजावट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं को पारंपरिक सजावट और रचनात्मक कलाकृतियों से सजाया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली का संदेश दिया गया। वहीं बेकार वस्तुओं से उपयोगी एवं सजावटी सामान तैयार करने की गतिविधि के माध्यम से बच्चों को वस्तुओं के पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गीत, कविता, नृत्य और भाषण के माध्यम से बच्चों ने दीपावली के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संदेश दिया।
इस मौके पर विद्यालय की मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों को पटाखों से दूर रहकर पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने तथा जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का प्रकाश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इसी तरह से विद्यालय की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि दीपावली हमें प्रेम, एकता, सद्भाव और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
विद्यालय के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने विद्यार्थियों को त्योहारों की वास्तविक भावना समझने, पर्यावरण की रक्षा करने और समाज में प्रेम एवं भाईचारे का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने, पटाखों से होने वाले ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से बचने तथा प्रेम और भाईचारे के साथ दीपावली मनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के आयोजन में समूह स्टाफ द्वारा सहयोग किया गया।