प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय,जमुई
05 अगस्त 2026
शीर्षक: जमुई में विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु BBOSE और एजुकेट गर्ल्स टीम ने आज जमुई का संयुक्त क्षेत्रीय भ्रमण।
जमुई]: बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) एवं एजुकेट गर्ल्स (TAU) की संयुक्त टीम ने आज जमुई जिला में एक विशेष क्षेत्रीय भ्रमण किया। आज के इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य जिले में शिक्षा के प्रसार को गति देना, अध्ययन केंद्रों की कार्यप्रणाली का जायजा लेना और ड्रॉपआउट विद्यार्थियों विशेषकर बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था।
भ्रमण की शुरुआत में BBOSE के एसईओ श्री मानस मिलिंद और एजुकेट गर्ल्स टीम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिले में शैक्षणिक समन्वय को मजबूत करने, शिक्षार्थियों के नामांकन को बढ़ाने और ओपन स्कूलिंग की व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने जैसे विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने BBOSE से जुड़ी किसी भी प्रशासनिक या शैक्षणिक कठिनाई का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का पूर्ण आश्वासन दिया।
इसके उपरांत इस संयुक्त टीम ने धरातलीय स्थिति का आकलन करने और शिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से क्षेत्र का दौरा किया। इस क्रम में टीम ने दो BBOSE अध्ययन केंद्रों का सघन निरीक्षण किया, जहाँ शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और केंद्रों की समग्र कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें नियमित अध्ययन करने, आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने और अपनी शिक्षा को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
दौरे के अंतिम चरण में इस टीम ने एजुकेट गर्ल्स द्वारा संचालित एक विशेष कैंप का भी अवलोकन किया। यहाँ बालिकाओं, उनके अभिभावकों और समुदाय के गणमान्य सदस्यों के साथ संवाद आयोजित कर बालिका शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया। निःसंदेह BBOSE और एजुकेट गर्ल्स की इस साझा और सकारात्मक पहल अधिक से अधिक ड्रॉपआउट बच्चों और बालिकाओं को पुनः विद्यालयी शिक्षा से जोड़ने और जिले में एक सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार करने का काम करेगा।
Jamui, Bihar | Aug 5, 2026