जब तक सूरज चांद रहेगा, शुभम तेरा नाम रहेगा": शहीद को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
देश सेवा के दौरान असम में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड अंतर्गत बनवरिया गांव के वीर सपूत शुभम कुमार (25 वर्ष) शहीद हो गए। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि उनके पैतृक गांव बनवरिया में मातम पसर गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार ने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत ने पूरे जिले को गौरवान्वित करने के साथ-साथ गमगीन भी कर दिया। शुभम कुमार अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव, अनुशासन और देशभक्ति के लिए जाने जाते थे। कम उम्र में ही उन्होंने भारतीय वायुसेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हुए राष्ट्र सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार को जब वीर शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बनवरिया पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग,जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों के सदस्य वहां पहुंचे और नम आंखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद अरुण कुमार, जगदीश शर्मा, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, जहानाबाद सदर विधायक राहुल शर्मा सहित मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। गांव में "भारत माता की जय", "शुभम कुमार अमर रहें" और "जब तक सूरज चांद रहेगा, शुभम तेरा नाम रहेगा" जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। अंतिम दर्शन के दौरान हर आंख नम थी। ग्रामीणों ने कहा कि शुभम कुमार ने अपने गांव, जिले और पूरे देश का नाम रोशन किया है तथा उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ऐसे वीर जवान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। जिले के विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त करते हुए शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। लोगों ने केंद्र एवं राज्य सरकार से शहीद के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
#शुभम
#जहानाबाद
#गयाजी
#gaya
#army
#आर्मी_lover