बिलासपुर। नेपाल के पोखरा में आयोजित हैंडबॉल सीरीज प्रतियोगिता में भारतीय हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में नेपाल की टीम को 4 गोल के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और फाइनल में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी।
अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय टीम ने पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने कड़ी मेहनत और बेहतर तालमेल के दम पर प्रतियोगिता में जीत हासिल की।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के तीन खिलाड़ी आयुष, नितेश और तनिष ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। तीनों खिलाड़ी युवा सेवा एवं खेल विभाग के राज्य खेल छात्रावास, जिला बिलासपुर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। भारतीय टीम की इस उपलब्धि से बिलासपुर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है।