निर्मली अंचल कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
सुपौल जिले के जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को निर्मली अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दाखिल-खारिज, परिमार्जन और अन्य लंबित मामलों की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्यों में धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की।
समीक्षा में कई राजस्व मामलों के लंबे समय से लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अंचल कार्यालय को निर्देश दिया कि सभी लंबित दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डीएम ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई मामलों में आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित रखे गए हैं। कुछ म्यूटेशन मामलों में कर्मचारियों द्वारा फाइलें आगे बढ़ाने के बावजूद अधिकारी स्तर पर लंबे समय से निर्णय नहीं लिया गया, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Bihar, India | Jun 26, 2026