विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, नीले गुब्बारे उड़ाकर दिया एंटीबायोटिक के सही उपयोग का संदेश*
18 से 24 नवंबर तक आयोजित होंगी जागरूकता गतिविधियां, चिकित्सकों, फार्मासिस्ट एवं आमजन को किया जाएगा जागरूक*
#hanumangarh हनुमानगढ़। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमबी) यानी रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता की रोकथाम एवं एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ में 18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। बुधवार को जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य भवन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में नीले गुब्बारे उड़ाकर किया गया। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने रोमाणुरोधी प्रतिरोध के विरुद्ध शपथ भी ली। इस वर्ष की थीम 'One Health, one action : Prevent AMR now' रखी गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं गलत उपयोग भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार करें तथा आमजन को भी इनके विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि जागरूकता सप्ताह के दौरान चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजन की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। चिकित्सा संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं सूचना सामग्री का प्रदर्शन तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। साथ ही चिकित्सकों एवं फार्मासिस्ट के लिए ऑनलाइन वेबिनार एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों में प्रभावी होती हैं। वायरल संक्रमण जैसे सामान्य सर्दी-जुकाम एवं फ्लू में इनका उपयोग लाभकारी नहीं होता। बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेना, अधूरा उपचार छोडऩा, पुरानी पर्ची पर दोबारा दवा लेना अथवा दूसरों के साथ एंटीबायोटिक साझा करना एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को बढ़ावा दे सकता है। इसलिए चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण की रोकथाम, हाथों की स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं एवं उचित प्रिस्क्रिप्शन प्रथाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही ऑडियो संदेशों, जागरूकता सामग्री एवं विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक संदेश पहुंचाया जाएगा। डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन अपील की है कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग बिना चिकित्सकीय परामर्श के न करें, निर्धारित उपचार का पालन करें और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। एंटीबायोटिक का सही उपयोग ही इनके प्रभाव को भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकता है।
Hanumangarh, Hanumangarh | Nov 18, 2026