हाथी पर सवार होकर आईं मां भवानी, हरदा में नवरात्रि की धूम
गड़ीपुरा में कुएं वाली मूंबा माता भी हाथी पर विराजमान
अनोखा तीर, हरदा। मां दुर्गा की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्रि रविवार से शुरू हो गया है। पहले दिन से ही शहर में भक्तिमय माहौल है। विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में देवी पंडाल सज गए हैं, वहीं मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया है। इस वर्ष धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आई हैं। गड़ीपुरा क्षेत्र में स्थित कुएं वाली मूंबा माता भी हाथी पर विराजमान हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी ।
शहर में करीब 50 स्थानों पर देवी प्रतिमाएं विराजित की जा रही हैं। नवरात्रि की तैयारियों को लेकर पिछले कई दिनों से समितियां पंडालों को अंतिम रूप देने में जुटी थीं। बाजार में छोटी-बड़ी देवी प्रतिमाओं की खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। वहीं, नवरात्रि के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस ने भी समितियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
हाथी पर माता का आगमन सुख-समृद्धि का प्रतीक
पंडित गिरधर शर्मा के अनुसार, आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा रविवार को होने के कारण इस वर्ष मां दुर्गा का वाहन हाथी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं में माता का गज पर आगमन सुख-समृद्धि, शांति और अच्छी वर्षा का संकेत माना जाता है। इसे कृषि और फसलों के लिए भी शुभ मानने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि इस बार नवरात्रि पूरे नौ दिनों तक रहेगी, जिसमें मां भगवती के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।
पंडित शर्मा ने बताया कि मां दुर्गा का आगमन चित्रा नक्षत्र के योग में माना जा रहा है। नवरात्रि शुद्धता, आस्था और साधना का पर्व है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु देवी मंदिरों और पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मां को फल, नारियल, श्रृंगार सामग्री तथा कमल, गुलाब और गुड़हल के पुष्प अर्पित करने की परंपरा है। सुबह-शाम होने वाली आरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय पर्व
नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना के साथ देवी आराधना की शुरुआत हुई। श्रद्धालु घरों में कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा कर रहे हैं। शहर के देवी मंदिरों और पंडालों में अगले नौ दिनों तक धार्मिक आयोजन, आरती और भजन-कीर्तन का माहौल रहेगा। मां भवानी की भक्ति में डूबा हरदा शहर अब नवरात्रि के रंग में रंगने लगा है।
Harda, Harda | Oct 11, 2026