जमुई में पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूजन सामग्री का किया गया वितरण
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर शहर के पुरानी बाजार स्थित ऐतिहासिक नरसिंह मंदिर प्रांगण में शनिवार की शाम 4:30 बजे तक मंदिर के संस्थापक द्वारा एक अनूठी पहल कर सराहनीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थापक सह जमुई विधिज्ञ संघ के महासचिव अमित कुमार और उनकी पत्नी रचना शर्मा द्वारा 500 छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री और उपहारों का वितरण किया गया। उपहार लेकर सभी छठव्रतियों ने खुशी का इजहार किया। इस दौरान छठव्रतियों की काफी भीड़ उमड़ी रही। इस सेवा कार्य में प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमला प्रसाद, जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल और अपर पुलिस अधीक्षक शेखपुरा राकेश कुमार और मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने इस सामाजिक और धार्मिक पहल की प्रशंसा की और सराहना करते हुए ढेर सारी शुभकामनाएं दी। वहीं मौजूद पदाधिकारी ने भी अपने हाथों से साड़ी व पूजन सामग्री का वितरण किया
आयोजक अमित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वे पिछले 10 वर्षों से लगातार छठव्रतियों की सेवा करते आ रहे हैं और आगे भी यह सेवा भाव निरंतर जारी रहेगा। इस पवित्र अनुष्ठान में छठव्रतियों को पारंपरिक डलिया, साड़ी, फल, फूल, अगरबत्ती और शृंगार सामग्री सहित सभी आवश्यक पूजन सामग्री भेंट की गई। उपहार पाकर छठव्रतियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने आयोजकों को आशीर्वाद व दुआएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद नीतीश कुमार, अधिवक्ता सचिदानंद सिंह, राजीव पटेल, परिमल सिंह, रामनिवास यादव, दिवाकर सोनी, राजीव केसरी, उज्जवलदीप और उत्तम दीप सहित कई गणमान्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
Jamui, Jamui | Nov 14, 2026