रेड लाइट एरिया में पुलिस की बड़ी छापेमारी, दर्जनों युवतियों को पूछताछ के लिए लाया गया महिला थाना
अरवल : जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर शनिवार को पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने जिले के कथित रेड लाइट एरिया में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों युवतियों को पूछताछ के लिए महिला थाना लाया गया।
जानकारी के अनुसार, जिले के सभी थाना अध्यक्षों एवं डीएसपी के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों की जांच की तथा वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध गतिविधियों की जांच करना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। महिला थाना में लायी गई युवतियों से पूछताछ की जा रही है। उनके पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे। छापेमारी की कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।