संघर्ष और विकास की प्रेरणा थे भालचंद यादव : पप्पू निषाद
शोषित, पीड़ित और वंचित तबके की बुलंद व क्रांतिकारी आवाज थे भालचंद यादव : अजय शर्मा
पूर्व सांसद की सातवीं पुण्यतिथि पर पैतृक गांव भगता में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जुटे हजारों समर्थक
संतकबीरनगर। । पूर्वांचल की सियासत के क्रांतिकारी योद्धा और कबीर की धरती के सच्चे सपूत रहे दिवंगत पूर्व सांसद भालचंद यादव की सातवीं पुण्यतिथि पर रविवार को उनके पैतृक गांव भगता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्ती और गोरखपुर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समर्थकों, समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में हजारों लोगों की मौजूदगी ने पूर्व सांसद के प्रति लोगों के भावनात्मक जुड़ाव और उनके राजनीतिक प्रभाव को फिर से सामने ला दिया।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अजय शर्मा ने कहा कि पूर्व सांसद स्व. भालचंद यादव शोषित, पीड़ित और वंचित तबके की बुलंद आवाज थे। उन्होंने हमेशा गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंदों के हक के लिए संघर्ष किया। उनका संघर्षशील व्यक्तित्व आज भी लोगों को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भालचंद यादव ने संतकबीरनगर और पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया।सपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं सांसद राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि पूर्व सांसद भालचंद यादव पूर्वांचल के गरीबों, पीड़ितों और मजलूमों की मजबूत आवाज थे। उनके क्रांतिकारी तेवर और संघर्ष की गूंज गांव की चौपाल से लेकर देश और प्रदेश की राजधानी के राजनीतिक गलियारों तक सुनाई देती थी। उन्होंने कहा कि भालचंद यादव ने हमेशा आम जनता के हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया।
सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने कहा कि कबीर की सरजमीं पर संघर्ष और विकास के लिए स्व. भालचंद यादव का व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने संतकबीरनगर को नई पहचान दिलाने और जिले के विकास के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने पूर्व सांसद को जिले का गौरव बताते हुए उनके संघर्षों को याद किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों और समर्थकों ने स्व. भालचंद यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व सांसद के पुत्र यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।श्रद्धांजलि सभा का संचालन डॉ. गिरजेश यादव ने किया। इस दौरान सपा के पूर्व विधान परिषद सदस्य संतोष यादव सनी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, पूर्व जिलाध्यक्ष गौहर अली खान, पूर्व विधायक राजमणि पांडेय, प्रदेश सचिव नित्यानंद यादव, वरिष्ठ नेता केडी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव, जिला उपाध्यक्ष असद महताब, श्याम सुंदर चौहान सिपाही, पूर्व विधायक अलगू चौहान, पूर्व प्रमुख राम आशीष यादव, वरिष्ठ नेता लाल बहादुर यादव, लालचंद यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद यादव, सपा नेत्री अंकिता बॉबी, आलोक यादव, सोनू, राहुल यादव बादल, मनीषा पासवान, शैलेंद्र यादव, महताब आलम बब्बू, जबीउल्लाह खान, बबलू चौधरी, उदयराज यादव प्रधान, अरविंद यादव पिंकू सहित हजारों लोग मौजूद रहे और पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
#संतकबीरनगर #अजयशर्मा #समाजवादी #