🔸उर्वरक वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कृषि उपज मंडी में निरीक्षण, ई-टोकन अनुसार वितरण की सख्त अपील**
उज्जैन, 13 नवंबर। जिले में किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उर्वरक वितरण करने वाली संस्थाओं एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
🔸इसी क्रम में गत दिवस उप संचालक कृषि श्री के.एस. कैन, सहायक संचालक श्री कमलेश राठौर एवं श्री सुबोध पाठक द्वारा कृषि उपज मंडी उज्जैन में स्थित उर्वरक विक्रय केंद्र एमपी एग्रो तथा विपणन सहकारी संस्था का निरीक्षण किया गया।
🔸निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से चर्चा की और उन्हें संतुलित मात्रा में उर्वरक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही ई-टोकन से खाद बुक करने में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनका तत्काल समाधान भी किया गया।
🔸इस अवसर पर जिले के समस्त उर्वरक विक्रेताओं से स्पष्ट आग्रह किया गया है कि किसान हित को सर्वोपरि रखते हुए केवल ई-टोकन के अनुसार ही उर्वरक का वितरण सुनिश्चित करें। ऐसा न करने पर संबंधित संस्था एवं दुकानदार के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
🔸साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि कोई किसान ई-टोकन नहीं बना पा रहा हो तो टोकन बनाने में उसे आवश्यक सहायता प्रदान की जाए। किसान भाइयों से अपील की जाती है कि उर्वरक का टोकन बनाने में कहीं कोई कठिनाई आए तो संबंधित कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर टोकन बना सकते हैं। इसके अतिरिक्त नजदीकी सेवा सहकारी समिति तथा ऑनलाइन सेवा केंद्र पर भी टोकन आसानी से बनाया जा सकता है।
जिला प्रशासन किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Collector Office Ujjain