➡️ सात दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन
➡️ शिविर में प्रतिभागियों को जीवन जीने की कला के साथ सेवा, अनुशासन और आपदा प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण
भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा ब्राइट कैरियर स्पेशल अकैडमी, मकरोनिया में आयोजित सात दिवसीय संभाग स्तरीय बेसिक गाइड कैप्टन एवं रेंजर लीडर प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में सागर, दमोह, छतरपुर एवं पन्ना जिले के प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग गतिविधियों के साथ जीवन जीने की कला, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण दिया गया।
विश्व शांति दिवस 21 सितंबर के अवसर पर जिला एमओपी कोऑर्डिनेटर श्रीमती कृष्णा साहू द्वारा एमओपी की विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। इनमें एमओपी परिचय, एमओपी बीट एवं ‘अ ले ले’ सॉन्ग सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहीं। इस अवसर पर स्काउट डॉट ऑर्ग से संबंधित जानकारी भी दी गई। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की थीम “शांति में निवेश करें—सभी के लिए, हर जगह, हर दिन” रही। प्रतिभागियों को विश्व में शांति, सद्भावना एवं अपनत्व की भावना बढ़ाने तथा स्काउट-गाइड द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की जानकारी दी गई।
समापन कार्यक्रम में ग्रैंड कैंप फायर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक संचालक एवं संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संभाग सागर श्री आशुतोष गोश्वामी ने किया। इस अवसर पर ब्राइट कैरियर स्पेशल अकैडमी के प्राचार्य श्री धर्मेन्द्र त्रिपाठी एवं श्री गौरी शंकर शर्मा (डीटीसी) उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ, माला, स्कार्फ एवं शॉल से स्वागत किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं तथा शिविर के अनुभव साझा किए।
सात दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिदिन पाठ्यक्रम के अंतर्गत व्यायाम, ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग इतिहास, गुणात्मक विकास, प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग, मैपिंग, कंपास, हाइक एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।
बेसिक गाइड कैप्टन शिविर संचालिका श्रीमती शर्मिष्ठा जगताप एवं बेसिक रेंजर लीडर प्रशिक्षण हेतु श्रीमती कंचन सिंह (लीडर ट्रेनर) ने शिविर की व्यवस्थाओं का दायित्व निभाया। शिविर संचालन में श्रीमती दुर्गा गोवा, श्रीमती रश्मि दुबे, श्रीमती कृष्णा साहू (मैसेंजर ऑफ पीस कोऑर्डिनेटर), श्रीमती रश्मि ठाकुर, सुश्री मंजूलता सोनी सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।
समापन अवसर पर श्री आशुतोष गोश्वामी ने सभी शिविर संचालकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 32 जोड़ी स्काउट-गाइड यूनिफॉर्म के साथ प्रशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाओं की व्यवस्था पर जोर दिया।
अंत में श्रीमती कंचन सिंह, सहायक राज्य संगठन आयुक्त, संभाग सागर ने अतिथियों, सहयोगी स्टाफ, राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त श्री भगवान सिंह लोधी, राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारी कर रहे चार गाइड, प्रशिक्षणार्थियों, डायरेक्टर स्कूल श्री सी.एस. आनंद एवं विद्यालय स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
#jansamparkMP #sagar