Bihar news : बगहा के भापसा नाला में फिर मगरमच्छ का हमला, महिला गंभीर रूप से घायल; ग्रामीणों की बहादुरी से बची जान। बगहा के वीटीआर से जुड़े भापसा नाला क्षेत्र में मगरमच्छों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया-बेलहवा कच्ची सड़क स्थित भापसा नाला पार कर खेत जा रही बरसाती देवी पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ने महिला के दोनों पैरों को अपने जबड़ों में दबोच लिया, लेकिन साथ चल रहे ग्रामीणों की बहादुरी और तत्परता से उनकी जान बच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की चीख सुनते ही ग्रामीणों ने लाठी, कुदाल और छाते से मगरमच्छ पर हमला कर दिया। लोगों के शोर और जवाबी कार्रवाई से मगरमच्छ महिला को छोड़कर झाड़ियों में भाग गया। इसके बाद घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर वन विभाग को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही मदनपुर वनक्षेत्र की टीम, डायल-112 पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने घायल महिला को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।मदनपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने बताया कि भापसा नाला मगरमच्छों का प्राकृतिक आवास है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने लोगों से बरसात के मौसम में इस नाले को पार करने से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की।गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले भी इसी क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में किसान केदार बैठा की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हमलों से भापसा नाला के आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग खेत जाने से पहले भी भय महसूस कर रहे हैं।#Bagaha #CrocodileAttack #ValmikiTigerReserve #WestChamparan #BiharNews #Wildlife #ForestDepartment #BreakingNews #Nature #IndiaNews