ई-रिक्शे की टक्कर से गोलगप्पों का पानी फैला, विवाद के बाद मारपीट
पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
मल्लावां। कस्बे में मामूली टक्कर के बाद गोलगप्पों का पानी फैलने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और सड़क पर जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राघौपुर रोड स्थित धर्मशाला के मेन गेट के सामने एक चाट-बतासे का दुकानदार ठेला लेकर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शे की ठेले से मामूली टक्कर हो गई। टक्कर लगने से गोलगप्पों का पानी सड़क पर फैल गया। इसी बात को लेकर दुकानदार और ई-रिक्शा चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर ई-रिक्शा चालक नीचे उतर आया और दुकानदार का गिरेबान पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सड़क पर हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Bilgram, Hardoi | Aug 21, 2026