*बस्ती मंडल में धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान, 13 करोड़ की 16 परियोजनाओं की समीक्षा*नकटेश्वर धाम से संत कबीर की तपस्थली तक होगा सौंदर्यीकरण*1971 के शहीदों के लिए भी बनेगा स्मारक, अयोध्या तक बनेगा राम अवतरण कॉरिडोर*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश* गुरुवार,06 अगस्त 2026*
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बस्ती मंडल में बड़े स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। *अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात* ने बस्ती मंडल में चल रही और प्रस्तावित पर्यटन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विरासत का संरक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं बढ़ाई जाएं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से 16 पर्यटन परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इसमें *बस्ती की 7, संतकबीर नगर की 6 और सिद्धार्थनगर की 3* परियोजनाएं शामिल हैं। लक्ष्य है प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना।
*बस्ती जिले में 7 परियोजनाएं*
बस्ती जनपद में सबसे ज्यादा काम होंगे। *नकटेश्वरनाथ धाम, शत्रुहंता हनुमान मंदिर, झारखंडेश्वर नाथ मंदिर, रामेश्वरनाथ शिव मंदिर और गौरैया मंदिर* सहित अन्य स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव है। इससे जिले में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
*संतकबीर नगर में 6 परियोजनाएं*
संतकबीर नगर में *दंडी स्वामी की तपस्थली, राम जानकी मंदिर, संत कबीर की ध्यानस्थली पर इंटरप्रिटेशन हॉल व दीर्घा, समया माता मंदिर और सिद्धनाथ गोरेश्वरनाथ मंदिर* के विकास पर जोर है। उद्देश्य जिले की आध्यात्मिक विरासत को बचाते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देना है।
*सिद्धार्थनगर में 3 परियोजनाएं*
सिद्धार्थनगर में *प्राचीन सती माता मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर और शिव मंदिर* के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार की योजना है।
*1971 के शहीदों की याद में स्मारक*
संस्कृति विभाग ने संतकबीर नगर में *1971 के भारत-पाक युद्ध के शहीद सैनिकों* की स्मृति में शहीद स्मारक बनाने का प्रस्ताव दिया। इसका मकसद नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा देना है।
धर्मार्थ कार्य विभाग ने *सिद्धार्थनगर के 25 मंदिरों और 34 प्राचीन कुओं*, संतकबीर नगर के *हनुमान मंदिर व शिव मंदिर* और बस्ती के *मखौड़ा धाम* के विकास पर भी चर्चा की। साथ ही *मखौड़ा धाम से अयोध्या तक 'श्री राम अवतरण कॉरिडोर'* विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात* ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण हो और काम समय से गुणवत्ता के साथ पूरे हों। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर शिलान्यास और उद्घाटन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। यह बैठक प्रदेश के 18 मंडलों में पर्यटन विकास योजना का हिस्सा है।
*अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात* ने कहा कि धार्मिक स्थल सिर्फ आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि रोजगार और पर्यटन के भी बड़े स्रोत बनेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय कला और संस्कृति को भी इन परियोजनाओं से जोड़ना जरूरी है। *अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात* ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय और प्रकाश की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों का प्रचार-प्रसार डिजिटल माध्यमों से भी किया जाए। अंत में उन्होंने कहा कि 2027 तक बस्ती मंडल को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलानी है।
बैठक का संचालन *क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी* ने किया। इसमें *मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, निदेशक संस्कृति संजय सिंह, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, संतकबीर नगर डीएम आलोक कुमार, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, एमएलसी संतोष सिंह* सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संवाददाता: हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 6, 2026