बंद मकान का ताला तोड़कर जेवर व नकदी ले गए चोर
जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र के देवरिया मोहल्ले चोरों ने एक व्यवसायी के बंद मकान को निशाना बनाया। चोर घर के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, बर्तन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार की सुबह पड़ोसियों के माध्यम से गृहस्वामी को मिली।
गृहस्वामी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जिउतिया पर्व को लेकर शुक्रवार को वह परिवार के साथ मखदुमपुर प्रखंड के बंदेया स्थित पैतृक गांव गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। रविवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। इसके बाद वह जहानाबाद पहुंचे तो मुख्य दरवाजे से लेकर कमरों तक के ताले टूटे मिले और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उन्होंने तत्काल डायल-112 और नगर थाना को सूचना दी।
अरुण कुमार सिंह के अनुसार, घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात, एक लाख रुपये नकद, बर्तन और अन्य सामान गायब हैं। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत से धीरे-धीरे घर में जेवर व अन्य सामान जुटाए थे। चोरी की घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है।
सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। नगर थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जरूरत पड़ने पर डॉग स्क्वायड की सहायता भी ली जाएगी। चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।