अररिया जिला पदाधिकारी ने की ICDS के कार्यों की समीक्षा, आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का दिया निर्देश
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के आधारभूत संरचना विकास, भवन, शौचालय निर्माण तथा पोषण ट्रैकर पर दर्ज प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि जिले के 85 आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को कार्य सौंपा गया है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, PHED को सभी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण का कार्य अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया, ताकि केंद्रों पर बच्चों एवं लाभार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
आंगनवाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा के क्रम में सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को आंगनवाड़ी भवन निर्माण हेतु आवश्यक भूमि का अनापत्ति प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने भवन निर्माण से संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में पोषण ट्रैकर की भी विस्तृत समीक्षा की गई। पोषण ट्रैकर पर विभिन्न सेवाओं एवं लाभार्थियों से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि तथा अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, पोषण ट्रैकर पर उपलब्ध आंकड़ों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्ध अद्यतन करने भी निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ICDS से जुड़ी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। बैठक में ICDS से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Araria, Araria | Aug 29, 2026