संगम टीम बनी लाहौल प्रीमियर लीग सुपर 7 क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता
Kullu Times
यंग फार्मर क्लब बिलिंग द्वारा आयोजित लाहौल प्रीमियर लीग (LPL) सुपर 7 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संगम टीम और लला मेमे गोशाल टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में संगम टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में लला मेमे गोशाल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संगम टीम के सामने 55 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए संगम टीम ने मात्र 6 ओवर में जीत हासिल कर ली। संगम टीम की ओर से शुभम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 रन बनाए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष ठिल्ले देचेन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और भविष्य में भी इसी तरह खेल गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए यंग फार्मर क्लब बिलिंग के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में विजेता संगम टीम को आयोजकों की ओर से ₹21,000 की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता लला मेमे गोशाल टीम को ₹10,000 की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। तीसरे पुरस्कार की राशि एचआरटीसी 7 और बिलिंग लिजेंड टीम के बीच साझा की गई।
समारोह में सह-अतिथि के रूप में अमिता रावल, बीडीसी उपाध्यक्ष लाहौल; विपिन शाशनी, बीडीसी गोशाल; अशोक बाटा, बीडीसी केलांग; सुमिता यारपा, उपप्रधान ग्राम पंचायत कारदंग; ठुकतन डोल्मा, जिला परिषद सदस्य लोसर; नवांग नमचीपा, पूर्व बीडीसी सदस्य कारदंग; तथा अंशित शर्मा, आरएम एचआरटीसी केलांग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए यंग फार्मर क्लब बिलिंग और महिला मंडल बिलिंग को बधाई दी तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना की।इस अवसर पर ग्राम पंचायत केलांग के उपप्रधान प्रमोद कुमार और पूर्व जिला परिषद सदस्य केलांग कुंगा बोध ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों, महिला मंडल, युवाओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यंग फार्मर क्लब बिलिंग और महिला मंडल बिलिंग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति युवाओं के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की।
Kullu, Kullu | Oct 12, 2026