‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ ने कैंसर पीड़ितों को दिए ₹1.21 लाख, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने की संस्था के सेवा कार्यों की सराहना
शिमला। जरूरतमंद और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए लगातार कार्य कर रही ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ संस्था ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है।
संस्था की ओर से कैंसर से पीड़ित दो मरीजों के उपचार के लिए कुल 1 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
राजधानी शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान से शिष्टाचार भेंट के दौरान ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ संस्था के प्रधान संजीव शर्मा ने आर्थिक सहायता के चेक सौंपे।
संस्था की ओर से कैंसर पीड़ित जितेंद्र कुमार के उपचार के लिए एक लाख रुपये, जबकि शिमला के वरिष्ठ पत्रकार एवं कैंसर से जूझ रहे रमेश चंद वर्मा के उपचार के लिए 21 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
इस दौरान नरेश चौहान ने ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ संस्था द्वारा जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के समय मरीज और उसके परिवार को आर्थिक एवं मानसिक सहारे की जरूरत होती है और ऐसे समय में सामाजिक संस्थाओं द्वारा आगे बढ़कर मदद करना सराहनीय पहल है।
शिष्टाचार भेंट के दौरान ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ के चेयरमैन प्रदीप चौहान और समाजसेवी ममता शर्मा भी मौजूद रहीं।
‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ संस्था इससे पहले भी कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों की मदद कर चुकी है।
संस्था की ओर से उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ कई क्रिटिकल केयर मरीजों की जिंदगी बचाने में भी सहयोग किया गया है।
संस्था के प्रधान संजीव शर्मा ने कहा कि ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को उनके कठिन समय में आर्थिक सहारा देना है, ताकि पैसे की कमी किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी जरूरतमंद और गंभीर रूप से बीमार लोगों की मदद के लिए अपने प्रयास जारी रखेगी।
‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ का प्रयास यही है कि बीमारी से जूझ रहे किसी इंसान को इलाज के साथ उम्मीद का सहारा भी मिले।